राजस्थान सरकार ने अपने एक साल के कार्यकाल की उपलब्धियों को मनाते हुए महिलाओं और बालिकाओं के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री की मंशा के अनुसार महिलाओं, किसानों, युवाओं और मजदूरों को प्राथमिकता दे रही है।
इस मौके पर 1.25 लाख छात्राओं को साइकिलें, 21 हजार बालिकाओं को स्कूटियां दी जाएंगी। इसके अलावा, महिला निधि बैंक के जरिए स्वयं सहायता समूहों को 100 करोड़ रुपये का ऋण वितरित किया जाएगा। साथ ही, राज्य में एक लाख “लखपति दीदी” का सम्मान भी किया जाएगा।
Rising Rajasthan Summit 2024
राइजिंग राजस्थान समिट के पहले दिन महिलाओं के लिए विशेष सत्र ‘हर स्टोरी: एडवांसिंग इन्क्लूजिव सोसायटीज’ आयोजित किया गया। इस सत्र में महिलाओं की सफलता की कहानियों को साझा किया गया और निवेशकों से अपील की गई कि वे महिला उद्यमियों के व्यवसायों में निवेश करें।
सत्र में हस्तशिल्प डिजाइनर रूमा देवी ने बताया कि उन्होंने 10 महिलाओं के साथ काम शुरू किया था, जो आज 50 हजार महिलाओं का बड़ा नेटवर्क बन गया है। इसी तरह, डॉ. श्वेतांशु भूषण ने ग्रामीण महिलाओं को समाज में बदलाव का गेमचेंजर बताया।
- Advertisement -
असेवारे फिन्टेक स्टार्टअप की मुख्य कार्यकारी अधिकारी निमिषा जे. वडक्कन ने बताया कि उनकी कंपनी राजस्थान के 18 जिलों में बैंकिंग सेवाएं घर तक पहुंचा रही है। उनकी टीम में 60% महिलाएं काम कर रही हैं।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने महिलाओं को एक-दूसरे का सहयोग और मार्गदर्शन देने की अपील की। उन्होंने निवेशकों से महिला उद्यमियों को बढ़ावा देने के लिए प्रोत्साहित किया।