सवाईपुर में पिता-पुत्र की घटना ने दिल छू लिया, ग्रामीणों में खुशी की लहर
सवाईपुर (भीलवाड़ा) से एक दिलचस्प और गर्व से भरपूर घटना सामने आई है। क्या ऐसा भी हो सकता है? पर ऐसा हुआ कि सब हैरान रह गए। एक पिता जो पशु परिचर परीक्षा में पेपर दे रहा था, अचानक पेपर में उसके बेटे का सवाल आ गया। इसने पिता का सीना गर्व से चौड़ा कर दिया।
पशु परिचर परीक्षा में बेटे का सवाल
पशु परिचर परीक्षा में सवाईपुर के खिलाड़ी के बारे में सवाल पूछे गए, जिससे सभी गांववाले और खिलाड़ी खुशी से झूम उठे। परीक्षा में ओमप्रकाश सुथार ने हिस्सा लिया, और प्रश्न पत्र में क्र. स. 140 में उनके बेटे अनुराग सुथार का नाम था। सवाल था, “हॉकी राजस्थान में निम्नलिखित में से किस खिलाड़ी ने 14वें पुरुष राष्ट्रीय जूनियर हॉकी चैंपियनशिप-2024 में हॉकी हरियाणा के खिलाफ एकमात्र गोल किया?” और सही उत्तर था – उनका बेटा अनुराग सुथार।
पिता का गर्व और ग्रामीणों की खुशी
ओमप्रकाश सुथार ने जैसे ही यह सवाल देखा, उन्होंने बिना देर किए बेटे का नाम लिखा। इस घटना ने उन्हें रोमांचित कर दिया। परीक्षा के बाद जब ओमप्रकाश ने यह बात गांव वालों को बताई, तो सभी खुशी से झूम उठे। यह सवाईपुर क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण था, क्योंकि हाल ही में अनुराग सुथार ने राष्ट्रीय हॉकी चैंपियनशिप में हरियाणा के खिलाफ एकमात्र गोल दागा था।