प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 दिसंबर को राजस्थान के दादिया में एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। इस दौरे के दौरान प्रधानमंत्री ईस्टर्न राजस्थान कैनाल प्रोजेक्ट (ERCP) का शिलान्यास कर सकते हैं, जो राज्य में जल संकट को दूर करने के लिए एक अहम परियोजना है।
इसके अलावा, सभा में एक लाख नई नौकरियों की घोषणा की भी संभावना है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को दादिया पहुंचकर सभा स्थल का निरीक्षण किया और तैयारियों का जायजा लिया। उनके साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी, अरुण चतुर्वेदी और पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ भी मौजूद थे। भाजपा इस कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए पूरे प्रदेश से लोगों की भारी भीड़ जुटाने की योजना बना रही है।
इससे पहले मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने संघ कार्यालय जाकर संघ के पदाधिकारियों से भी मुलाकात की और कार्यक्रम की सफलता को लेकर चर्चा की।
राइजिंग राजस्थान और युवाओं का ग्लोबल एक्सपोजर
मुख्यमंत्री ने राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट के तहत चौथे संकल्प में प्रदेश के 350 विद्यार्थियों को ग्लोबल एक्सपोजर देने की घोषणा की है। उनका उद्देश्य युवाओं के कौशल को निखारना और उन्हें प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए तैयार करना है।
- Advertisement -
यह दौरा राजस्थान की राजनीति और विकास परियोजनाओं के लिए अहम माना जा रहा है।