प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महाराष्ट्र में भाजपा की ऐतिहासिक जीत के बाद कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। पीएम मोदी ने वक्फ बोर्ड को लेकर कांग्रेस की नीतियों को तुष्टिकरण और वोट बैंक की राजनीति का प्रतीक बताया।
‘बाबासाहब के संविधान में वक्फ कानून की जगह नहीं’
प्रधानमंत्री ने कहा, “बाबासाहेब आंबेडकर ने हमें जो संविधान दिया है, उसमें वक्फ कानून का कोई स्थान नहीं है। लेकिन कांग्रेस ने अपना वोट बैंक बढ़ाने के लिए वक्फ बोर्ड की व्यवस्था की। कांग्रेस ने तुष्टिकरण की राजनीति के तहत सुप्रीम कोर्ट के आदेशों को भी नजरअंदाज किया। यह उनके विभाजनकारी रवैये का एक और उदाहरण है।”
महाराष्ट्र में भाजपा की तीसरी बार जीत पर मोदी का उत्साह
महाराष्ट्र में शानदार जीत के बाद पीएम मोदी ने कहा, “महाराष्ट्र देश का छठा ऐसा राज्य बन गया है, जहां भाजपा ने लगातार तीन बार जीत हासिल की है। यह जनता का हमारे सुशासन और विकास के मॉडल पर भरोसे का प्रमाण है। इससे पहले गुजरात, गोवा, छत्तीसगढ़, हरियाणा और मध्य प्रदेश में हमें लगातार तीन बार जनादेश मिला। बिहार में भी एनडीए को लगातार तीन बार से अधिक समर्थन मिला है।”
‘कांग्रेस की राजनीति अब फेल हो चुकी है’
पीएम मोदी ने कहा, “कांग्रेस अब परजीवी राजनीति पर निर्भर हो गई है। उनके लिए अपने दम पर सरकार बनाना मुश्किल हो गया है। हाल ही के चुनाव परिणाम जैसे आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, हरियाणा और अब महाराष्ट्र में कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो गया है।”
- Advertisement -
‘विभाजनकारी राजनीति से जनता हुई तंग’
प्रधानमंत्री ने कांग्रेस पर आरक्षण और संविधान के नाम पर समाज को बांटने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “कांग्रेस और उसके इकोसिस्टम ने सोचा था कि समाज के कमजोर वर्गों को छोटे-छोटे समूहों में बांटकर अपनी राजनीति को आगे बढ़ाएंगे, लेकिन उनकी घिसी-पिटी राजनीति फेल हो गई है। जनता अब उनके इस विभाजनकारी एजेंडे को पूरी तरह नकार चुकी है।”

