

अयोध्या नगरी में प्रभु राम के स्वागत का भव्य आयोजन किया गया है। बुधवार को रामकथा पार्क में प्रभु राम का राज्याभिषेक होगा, जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ राजतिलक करेंगे। इस शुभ अवसर पर राम की पैड़ी पर 25 लाख दीपों का प्रज्वलन होगा।
प्रभु राम के आगमन की खुशी में अयोध्या के कोने-कोने को सजाया गया है। रामचरित मानस की पंक्तियों में वर्णित राम के आगमन का यह दृश्य अयोध्या में साकार हो रहा है। बुधवार को प्रभु राम, मां सीता और अनुज लक्ष्मण के स्वरूप हेलीकॉप्टर से सरयू तट पर पहुंचेंगे, जहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरु वशिष्ठ के रूप में उनकी अगवानी करेंगे। स्वागत समारोह में केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह व राज्यपाल आनंदी बेन पटेल मुख्य अतिथि होंगे।
रामनगरी में भव्य मंच तैयार किया गया है, जिसमें राजा राम, सीता, लक्ष्मण, हनुमान, सुग्रीव, जामवंत, अंगद, नल और नील विराजमान होंगे। मंच के चरणों में पूरी सरकार बैठी नजर आएगी, जो परम सत्ता के समक्ष राज सत्ता को समर्पित करती हुई दिखेगी।

रामकथा पार्क में राज्याभिषेक के बाद सीएम योगी, राज्यपाल, केंद्रीय मंत्री और 1100 संत-धर्माचार्य मां सरयू की महाआरती करेंगे। इस महाआरती का दृश्य ऐतिहासिक होगा, जिसके रिकॉर्ड को गिनीज बुक की टीम भी दर्ज करेगी।
- Advertisement -
इस दीपोत्सव का विशेष आकर्षण राम की पैड़ी पर लेजर शो, प्रोजेक्शन मैपिंग, पुराने सरयू पुल पर आतिशबाजी और ड्रोन शो होंगे। छह देशों की रामलीला और 1200 कलाकारों की प्रस्तुतियां इस महोत्सव में चार चांद लगाएंगी। अयोध्या के 84 कोस के 200 मंदिरों में भी दीपोत्सव का आयोजन किया गया है, जो पूरे नगर को रोशनी से भर देगा।