

भारतीय वैज्ञानिकों ने अनंत ब्रह्मांड में पृथ्वी जैसा नया ग्रह खोजा
भारतीय भौतिक अनुसंधान प्रयोगशाला (PRL) के वैज्ञानिकों ने अनंत ब्रह्मांड में एक नया ग्रह खोज निकाला है, जिसे “टीओआई-6651बी” (TOI 6651B) नाम दिया गया है। यह नया ग्रह आकार में पृथ्वी से पांच गुना बड़ा है और इसका द्रव्यमान पृथ्वी के मुकाबले लगभग 60 गुना अधिक है। यह ग्रह एक ऐसे तारे की परिक्रमा करता है जो हमारे सूर्य से मिलता-जुलता और थोड़ा बड़ा है।
नेपच्यूनियन रेगिस्तान में दुर्लभ खोज
इस ग्रह की खोज ब्रह्मांड के नेपच्यूनियन रेगिस्तान नामक क्षेत्र में की गई है, जो एक रहस्यमयी क्षेत्र है जहाँ इस आकार और द्रव्यमान के ग्रह बहुत ही कम पाए जाते हैं। वैज्ञानिकों का कहना है कि TOI-6651B की संरचना 87% चट्टानों से बनी है, जिसमें लौह पदार्थ प्रमुख है, और इसके ऊपरी हिस्से में हाइड्रोजन व हीलियम का हल्का आवरण है। यह खोज PRL के वैज्ञानिकों की चौथी बड़ी उपलब्धि है, जिससे ग्रहों के निर्माण और उनके विकास के रहस्यों का अध्ययन करने में मदद मिलेगी।
- Advertisement -

पांच दिनों में पूरा होता है एक वर्ष
TOI-6651B ग्रह अपने सूर्य “TOI-6651” के चारों ओर केवल 5.06 दिनों में एक चक्र पूरा करता है। इसका मतलब है कि TOI-6651B पर एक वर्ष पृथ्वी के लगभग पांच दिनों के बराबर होता है। TOI-6651 तारा हमारे सूर्य से बड़ा और अत्यधिक गर्म है।
वैज्ञानिकों की इस खोज से ब्रह्मांड में अन्य ग्रहों की संरचना और विकास को समझने में नई जानकारी मिलने की उम्मीद है।