बीकानेर। भाजपा के ‘गांव चलो’ अभियान की शुरुआत मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने नागौर से शुक्रवार को की। शर्मा ने गोगेलाव गांव में शुक्रवार रात को चौपाल में छात्राओं-खिलाड़ियों और किसानों से काफी देर बात भी की। इसके बाद गांव के ही एक वाल्मीकि परिवार के साथ भोजन किया और एक अन्य घर में रात्रि विश्राम किया। इससे पहले मुख्यमंत्री ने गांव के पास लगे लोकल मार्केट में मिट्टी के बर्तन खरीदे और यूपीआई से पेमेंट किया। इस दौरान उन्होंने शिल्पियों का काम देखा और उनके साथ सेल्फी भी ली।
अभियान के बारे में ग्रामीणों को दी जानकारी शुक्रवार शाम गोगेलाव गांव में पहुंचते ही सीएम का जोरदार स्वागत हुआ। सबसे पहले सीएम गांव के कुन्तूनाथ श्वेतांबर जैन मंदिर पहुंचे। इसके बाद वे पैदल ही करणी माता के मंदिर गए। यहां गांव वालों ने सीएम का स्वागत किया। यहां मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों को गांव चलो अभियान के बारे में जानकारी दी।
सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा ग्रामीणों को केंद्र की योजनाओं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के बारे में भी बताया। सभा के बाद सीएम भजनलाल शर्मा प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थी प्रेम सिंह के घर पहुंचे। यहां उन्होंने घर की बुजुर्ग महिला भंवर कंवर के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। इसके बाद प्रेमसिंह के पूरे परिवार के साथ फोटो खिंचवाई।

