बीकानेर। राज्य की पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के मंत्रियों का बंगलों से मोह नहीं छूट रहा है। बड़ी बात यह है कि इनमें कई मंत्री तो विधानसभा चुनाव भी हार चुके हैं। नियमों के मुताबिक विधानसभा चुनाव परिणाम आने के बाद पूर्व मंत्रियों को दो माह में बंगला छोड़ना होता है। 3 फरवरी को यह अवधि पूरी हो चुकी है। मंत्रियों के बंगले खाली नहीं करने से नए मंत्री बंगलों में शिफ्ट नहीं हो पा रहे हैं। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी अभी ओटीएस स्थित आवास में अस्थाई रूप से रह रहे हैं।
कांग्रेस की गहलोत सरकार में विधानसभा अध्यक्ष रहे सी.पी. जोशी, पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रतापसिंह खाचरियावास, रघु शर्मा, शांति धारीवाल और भाजपा की वसुंधरा सरकार में मंत्री रहे नरपत सिंह राजवी सहित अन्य कई मंत्रियों व दिग्गज नेताओं ने बंगले खाली नहीं किए हैं। इनमें जोशी, खाचरियावास, रघु शर्मा और राजवी तो विधानसभा चुनाव भी हार चुके हैं।

