जयपुर। सर्द हवाओं के थमते ही मौसम बदल गया है। सीकर और जयपुर का न्यूनतम तापमान दो डिग्री गिर गया। मौसम विभाग के अनुसार 48 घंटे में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इसके असर से आगामी दिनों में सर्दी बढ़ेगी। मंगलवार रात राजस्थान का सीकर जिला सबसे ठंडा रहा। सबसे कम न्यूनतम तापमान सीकर जिले के फतेहपुर में 7 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। सीकर में अधिकतम तापमान 26 डिग्री व न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार नवंबर के आखिरी सप्ताह में हिमालय के तराई क्षेत्रों में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के आसार है। विक्षोभ के असर से उत्तरी सर्द हवाएं चलेंगी। जिससे न्यूनतम और अधिकतम तापमान सामान्य से कम दर्ज किए जा सकता है। वहीं कुछ जिलों में हल्की बारिश भी हो सकती है। पर्वतीय पर्यटन स्थल माउंट आबू की वादियों में मंगलवार को दिनभर शहर में कोहरा छाया रहने से ठंड का असर बना रहा।
सवेरे सर्द कोहरे के बीच पर्यटकों ने जहां भ्रमण का लुत्फ उठाया। वहीं देश विदेश से आए सैलानियों ने गुलाबी सर्दी के बीच चाय की थडिय़ों पर अदरक की चाय की चुस्कियों का स्वाद लेते पर्यटन यात्रा के हसीन लम्हों को यादगार बनाया। सवेरे नक्की झील परिक्रमा पथ से लेकर शहर के विभिन्न स्थानों पर पर्यटकों को प्राकृतिक सौंदर्य को निहारते हुए मौसम का आंनद लेते देखा गया।
राजस्थान में सक्रिय होगा नया पश्चिमी विक्षोभ, अगले 48 घंटे में होने वाला है ऐसा

