

बीकानेर – श्री जैन पब्लिक स्कूल बीकानेर के सभागार में राष्ट्रीय पोषण माह, 2023 के अंतर्गत एक वर्कशॉप का आयोजन किया गया।
जिसमें प्रखर वक्ता डाइटिशियन एवं नुट्रिशनिश्ट विभा बैद ने विद्यार्थियों में बढ़ती उम्र में खानपान से होने वाले बीमारियों एवं उनके समाधान के बारे में चर्चा करते हुए शरीर में पाए जाने वाले सकारात्मक सूक्ष्म जीवाणुओं का भोजन को बेहतर ढंग से पचाने एवं शरीर के साथ स्वस्थ मस्तिष्क का विकास करने में सहायक होने के बारे में चर्चा की। उन्होंने सूक्ष्म जीवाणुओं को बेहतर स्वास्थ्य प्राप्ति के लिए लाभदायक बताते हुए स्वास्थ्य में उनकी भूमिका के बारे में बताया।
उन्होंने खानपान में बढ़ते रासायनिक प्रभावों से प्रभावित होने से उत्पन्न बीमारियों एवं उनके निदान के उपाय भी सुझाए। स्वस्थ शरीर के लिए नियमित रूप से पोषित एवं संतुलित आहार एवं उसकी सही मात्रा तथा व्यायाम को जीवन में शामिल करने हेतु छात्रों का प्रेरित किया।
शाला के अध्यक्ष श्री विजय कुमार जी कोचर ने समय के साथ परिवर्तित होती जीवन शैली में शारीरिक श्रम में कमी आने को भी गिरते स्वास्थ्य स्तर का एक प्रमुख कारण मानते हुए विद्यार्थियों को दैनिक जीवन में शारीरिक श्रम एवं योगासन करने हेतु प्रेरित किया।
- Advertisement -

शाला सचिव सी ए माणक कोचर ने इस अवसर पर शरीर को जीवन का सबसे अच्छा साथी बताते हुए उसे स्वस्थ रखने हेतु एवं तनाव मुक्त जीवन जीने हेतु बताए गए उपायों को दैनिक जीवन में शामिल करने के लिए प्रेरित किया।
सीबीएसई की गाइडलाइन के अनुसार मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता सप्ताह के तहत कार्यक्रम करवाए जाने पर शाला की प्रधानाचार्या रूपश्री सिपानी ने शाला प्रशासन व डॉ विभा बेद का विशेष आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के समापन पर शाला की ओर से अतिथि वक्ता को स्मृति चिन्ह भेंटकर उनका विशेष आभार व्यक्त किया।