


जयपुर। राजस्थान में एक बार फिर मानसूनी बारिश पर ब्रेक लग गया है। मौसम विभाग ने गुरुवार को दो सप्ताह का पूर्वानुमान जारी किया है। यूं कहा जा सकता है कि अब ताबड़तोड़ बारिश का आंकड़ा सामने नहीं आ सकेगा। पूर्वानुमान के मुताबिक मानसून ट्रफलाइन हिमालय की तरफ शिफ्ट होने की वजह से प्रदेश के अधिकांश भागों में दो सप्ताह तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटे में भरतपुर, धौलपुर, बारां और करौली जिले में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई।
मानसून ट्रफलाइन हिमालय की तरफ शिफ्ट मौसम केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि मानसून ट्रफलाइन हिमालय की तरफ शिफ्ट होने से राज्य के अधिकांश भागों में बारिश की गतिविधियों में कमी रहेगी। पश्चिमी राजस्थान में आगामी एक सप्ताह मौसम मुख्यत शुष्क रहने की संभावना है। पूर्वी राजस्थान में 25 अगस्त से बारिश की गतिविधियों में कमी होने तथा 26 अगस्त से अधिकांश भागों में मौसम मुख्यत: शुष्क रहने की प्रबल संभावना है। सप्ताह के दौरान अधिकांश भागों में मौसम मुख्यत: शुष्क रहने तथा सामान्य से कम बारिश होने की प्रबल संभावना है।
1 से 7 सितंबर तक ऐसा रहेगा मौसम मौसम विभाग के अनुसार दुसरे सप्ताह यानी 01 से 07 सितंबर तक राज्य के अधिकांश भागों में इस दौरान कमजोर मानसून परिस्थितियां जारी रहने तथा सामान्य से कम बारिश होने की संभावना है।
