बीकानेर। भाजपा के लालगढ़ मंडल के अध्यक्ष शनिवार से लापता है। भाजपा नेता की मोटर साइकिल शोभासर जलाशय के पास मिलने के बाद से पार्टी खेमे में हडकंप मच गया है। बीछवाल पुलिस के साथ शहर व देहात भाजपा के अध्यक्ष भी मौके पर पहुंच गए हैं। अनहोनी की आशंका में अब जलाशय में भाजपा नेता को ढूंढा जा रहा है।भाजपा के लालगढ़ मंडल के अध्यक्ष विनोद करोल शनिवार को अपने घर से निकले थे लेकिन इसके बाद वापस नहीं आए। कल शाम को ही पुलिस को इसकी सूचना दी गई लेकिन फोन लोकेशन नहीं मिल पाई। इस बीच साइबर टीम को भी सक्रिय किया गया। रविवार सुबह तक विनोद के बारे में कोई सूचना नहीं मिलने के बाद अनहोनी की आशंका में तालाब और जलाशयों के पास ढूंढा गया। तब करोल की बाइक शोभासर जलाशय के पास मिली। इसके बाद शहर भाजपा अध्यक्ष विजय आचार्य और देहात भाजपा अध्यक्ष जालम सिंह भाटी मौके पर पहुंचे। भाजपा नेता विक्रम सिंह राजपुरोहित सहित कई नेता भी मौके पर पहुंच गए हैं।बीछवाल थानाधिकारी महेंद्र दत्त ने जलाशय में तलाश के लिए एसडीआरएफ की टीम को मौके पर बुलाया है। थोड़ी देर में जलाशय में गोताखोर खोज शुरू कर सकते हैं।

