


जयपुर के करधनी थाना परिसर में गुरुवार रात एक युवक ने आत्मदाह कर लिया। पेट्रोल छिड़ककर खुद को आग लगने वाले युवक की शुक्रवार दोपहर इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। मेडिकल सूचना पर पहुंची पुलिस ने पर्चा बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच ACP (बगरू) अनिल शर्मा कर रहे है।
पुलिस ने बताया कि मृतक विकास शर्मा (40) गांव हरदतपुरा का रहने वाला था। वह खेती-बाड़ी का काम करता था। वह यू-ट्यूब पर फार्मिंग हिन्दी एडवाइज के नाम से चैनल चलाता था। उसने पर्चा बयान में बताया कि उसके पिता हरिराम शर्मा, चाचा पूरण मल, कानाराम, जगदीश प्रसाद, रामप्रकाश चारों की पत्नियां, इनके बच्चे इनकी पत्नियां, तीन बुआ-फुंफा उनके बेटे और बहन-जंवाई सहित सभी लोगों ने संपत्ति से बेदखल कर दिया। उसके बाद विकास का उनके दो चाचा के साथ अलग-अलग समय पर विवाद हुआ। गुरुवार को विकास को एक संपत्ति के संबंध में कोर्ट से स्टे भी मिला था।
थाना परिसर में लगाई खुद को आग

जिसके चलते शाम करीब 6 बजे वह झोटवाड़ा ACP के पास पहुंचा था। ACP ने उसे करधनी SHO पास भेजा था। SHO ने सुनवाई करने के बाद चौकी प्रभारी को मौके पर भेजकर स्टे के आधार पर दोनों पक्षों को पाबंद करा दिया। इस दौरान विकास ने चाचा से जगह खाली करवाने की बात कही। रात करीब 8:30 बजे विकास कार से वापस थाने आया। थाना परिसर में घुसते ही खुद के शरीर पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगा ली। पुलिसकर्मियों ने मिट्टी डालकर आग पर काबू पाया। उसे गंभीर झुलसी हालत में SMS हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
- Advertisement -