बीकानेर में सोशल मीडिया अब ठगी का नया माध्यम बनता जा रहा है। इसी क्रम में कोचरों का चौक निवासी स्वाति कोचर पत्नी राहुल कोचर के साथ करीब 20 लाख रुपए की ठगी हुई। उन्होंने साईबर पुलिस थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है।
घटना 10 मार्च से 7 अप्रैल के बीच व्यापार नगर गंगाशहर की बताई जा रही है। प्रार्थिया के अनुसार, वह सोशल मीडिया चला रही थी और फेसबुक पर घर बैठे पैसे कमाने का विज्ञापन देखा। लोभ में आकर उसने विज्ञापन में बताई गई प्रक्रिया के अनुसार संपर्क किया। आरोपियों ने उसे टास्क पूरा करने पर अच्छा रिटर्न देने का लालच दिया।
शुरुआत में टास्क पूरा करने पर कुछ पैसे वापसी में आए, जिससे प्रार्थिया ने और अधिक पैसे निवेश किए। कुल मिलाकर, उसने लगभग 20 लाख 34 हजार रुपए जमा करवा दिए। जब उसने पैसे निकालने का प्रयास किया, तब आरोपियों ने और अधिक जमा करवाने के लिए कहा। तभी उसे एहसास हुआ कि वह साइबर ठगी का शिकार हो गई है।
पुलिस ने प्रार्थिया की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


