बीकानेर: जिले के गजनेर थाना क्षेत्र के सूरजड़ा गांव में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। यहां आवारा कुत्तों के झुंड ने बाड़े में बंधी बकरियों पर अचानक हमला कर दिया, जिससे करीब दो दर्जन बकरियों की मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लिखमाराम पुत्र किशनाराम मेघवाल के बाड़े में बकरियां बंधी हुई थीं, तभी अलसुबह कुत्तों ने उन पर धावा बोल दिया। इस हमले में लगभग 20 बकरियां मौके पर ही मर गईं, जबकि 6 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना की सूचना मिलते ही गांव के लोग मौके पर पहुंच गए और बड़ी संख्या में भीड़ इकट्ठा हो गई। इस अचानक हमले से पूरे इलाके में भय और चिंता का माहौल बन गया है।
ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को सांत्वना दी और प्रशासन से आवारा कुत्तों की समस्या पर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। साथ ही, उन्होंने नुकसान झेलने वाले परिवार को उचित मुआवजा देने की भी अपील की है। इस घटना के बाद स्थानीय लोग अपने पशुओं की सुरक्षा को लेकर काफी चिंतित नजर आ रहे हैं।


