जयपुर। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार, राज्य में अगले 4-5 दिन मौसम साफ रहेगा। दिन के समय तेज धूप के कारण तापमान बढ़ सकता है। राजस्थान में पिछले कुछ समय से चल रहे आंधी-बारिश और ओलावृष्टि का दौर अब धीमा हो गया है।
बुधवार को अधिकांश क्षेत्रों में मौसम साफ रहा, केवल कुछ शहरों में हल्के बादल छाए रहे। पिछले 20 दिनों में आए वेस्टर्न डिस्टर्बेंस की वजह से अप्रैल में भी ठंडक का एहसास हो रहा है और दिन का तापमान सामान्य से लगभग 7 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटों में अजमेर, भीलवाड़ा, टोंक, झुंझुनूं, अलवर, करौली और फलोदी में हल्की बारिश और बादल छाए रहने की स्थिति रही।
बारिश के कम होने के बावजूद जैसलमेर, जोधपुर, बीकानेर, चूरू, श्रीगंगानगर, फतेहपुर और दौसा में धूप निकलने से दिन का तापमान 2 से 3 डिग्री तक बढ़ा। दिन का सबसे अधिक तापमान बाड़मेर में 35.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं जयपुर, पिलानी, सीकर, कोटा, उदयपुर, चूरू और बीकानेर में अधिकतम तापमान सामान्य से 5 से 8 डिग्री नीचे रहा।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि अगले 4-5 दिन राज्य में मौसम साफ रहेगा। दिन में धूप निकलेगी और तापमान में लगभग 4 डिग्री तक बढ़ोतरी होगी, जिससे दिन में गर्मी बढ़ने लगेगी।


