बीकानेर से होकर गुजरने वाली कई ट्रेन सेवाएं 23 और 24 मई को प्रभावित रहेंगी। भारतीय रेलवे के जोधपुर मंडल के मेड़ता रोड स्टेशन यार्ड में आरयूबी (रोड अंडर ब्रिज) निर्माण कार्य के चलते ट्रैफिक ब्लॉक लिया गया है।
इस दौरान कुछ ट्रेनों के मार्ग में बदलाव किया गया है, जबकि कुछ को आंशिक रूप से रद्द और देरी से संचालित किया जाएगा। आंशिक रद्दीकरण के तहत गाड़ी संख्या 14722, अबोहर-जोधपुर एक्सप्रेस 23 मई को केवल बीकानेर तक ही चलेगी। वहीं वापसी में गाड़ी संख्या 14721, जोधपुर-बठिंडा एक्सप्रेस 24 मई को जोधपुर के बजाय बीकानेर से ही रवाना होगी।
मार्ग परिवर्तन के चलते गाड़ी संख्या 14888 बाड़मेर-ऋषिकेश, 14707 हनुमानगढ़-दादर और 14887 ऋषिकेश-बाड़मेर एक्सप्रेस अब फलौदी, लालगढ़ और बीकानेर होकर संचालित होंगी। इसके अलावा 22632 बीकानेर-मदुरै एक्सप्रेस को भी बदले हुए रूट से रतनगढ़, चूरू और सीकर के रास्ते चलाया जाएगा।
देरी से चलने वाली ट्रेनों में 15624 कामाख्या-भगत की कोठी एक्सप्रेस करीब 2 घंटे और 12468 जयपुर-जैसलमेर एक्सप्रेस लगभग 30 मिनट की देरी से चलेगी। सीनियर डीसीएम भूपेश यादव ने यात्रियों को सलाह दी है कि यात्रा से पहले NTES या रेल कनेक्ट ऐप पर ट्रेन का लाइव स्टेटस जरूर जांच लें।


