बीकानेर संभाग से सटे भारत-पाकिस्तान सीमा क्षेत्र में नशीले पदार्थों की तस्करी लगातार चिंता का विषय बनी हुई है। पाकिस्तान की ओर से ड्रोन और अन्य माध्यमों के जरिए अवैध नशे की सप्लाई बढ़ाने की कोशिशें जारी हैं।
रविवार को करीब 60 करोड़ रुपये की 12 किलो हेरोइन जब्त होने के बाद सोमवार को भी लगातार दूसरे दिन कार्रवाई जारी रही। इस बार श्रीगंगानगर जिले में भारत-पाक सीमा से सटे एक खेत में तीन पैकेट हेरोइन बरामद हुई है, जिसका कुल वजन करीब डेढ़ किलो बताया जा रहा है। इसकी कीमत लगभग 7 करोड़ रुपये आंकी गई है।
सूचना मिलते ही सीमा सुरक्षा बल और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। अधिकारियों के अनुसार, इन घटनाओं में ड्रोन के इस्तेमाल की आशंका है, जिसकी पुष्टि के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सुरक्षा एजेंसियों ने सीमावर्ती क्षेत्रों के किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी है और किसी भी संदिग्ध वस्तु या पैकेट मिलने पर तुरंत पुलिस या बीएसएफ को सूचना देने की अपील की है।


