जयपुर सहित राजस्थान के युवाओं के लिए भारतीय सेना में भर्ती होने का सुनहरा अवसर है। जो उम्मीदवार अभी तक आवेदन नहीं कर पाए हैं, उन्हें जल्द से जल्द पंजीकरण कर देश सेवा की दिशा में पहला कदम उठाने के लिए प्रोत्साहित किया गया है।
इच्छुक अभ्यर्थी अग्निवीर (सामान्य ड्यूटी), अग्निवीर (तकनीकी), अग्निवीर (लिपिक/स्टोर कीपर तकनीकी), अग्निवीर ट्रेडसमैन (10वीं पास) और अग्निवीर ट्रेडसमैन (8वीं पास) श्रेणियों में आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा जेसीओ/ओआर रैंक के तहत धार्मिक शिक्षक जूनियर कमीशंड अधिकारी, हवलदार शिक्षा, सिपाही फार्मा और सैनिक तकनीकी (नर्सिंग असिस्टेंट/वेटनरी) पदों के लिए भी आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
महिला उम्मीदवारों के लिए अग्निवीर सामान्य ड्यूटी (महिला सेना पुलिस) में भी आवेदन का अवसर उपलब्ध है। भर्ती वर्ष 2027 के लिए ऑनलाइन पंजीकरण Join Indian Army वेबसाइट पर 10 अप्रैल 2026 तक किया जा सकता है।
अधिक जानकारी या सहायता के लिए उम्मीदवार अपने नजदीकी सेना भर्ती कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं, जिनकी जानकारी भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।


