बीकानेर शहर में दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए विशिष्ट दिव्यांगता पहचान पत्र (यूडीआईडी) से जुड़े लंबित आवेदनों के निस्तारण हेतु विशेष शिविर की शुरुआत सोमवार से कर दी गई है। यह शिविर 18 अप्रैल तक पीबीएम अस्पताल के पीछे स्थित पीएमआर अस्पताल में आयोजित किया जा रहा है।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के संयुक्त निदेशक एल.डी. पंवार ने बताया कि जिन दिव्यांगजनों के आवेदन लंबित हैं या जिन्होंने ऑनलाइन आवेदन किया है, उन्हें शिविर में आकर आकलन (एसेसमेंट) करवाना अनिवार्य होगा। इसके लिए संबंधित आवेदकों को फोन के माध्यम से सूचना दी जा रही है, ताकि वे तय समय पर उपस्थित हो सकें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यूडीआईडी कार्ड बनवाने के लिए ई-मित्र केंद्र से किया गया आवेदन और आधार कार्ड साथ लाना जरूरी है। बिना इन दस्तावेजों के प्रक्रिया पूरी नहीं की जा सकेगी।
प्रशासन ने यह भी दोहराया है कि यूडीआईडी कार्ड के बिना दिव्यांगजन केंद्र और राज्य सरकार की किसी भी योजना का लाभ नहीं ले पाएंगे। ऐसे में पात्र व्यक्तियों के लिए यह कार्ड बनवाना बेहद जरूरी हो गया है।
- Advertisement -
यह शिविर उन लोगों के लिए राहत लेकर आया है, जिनके आवेदन लंबे समय से लंबित थे। विभाग का लक्ष्य है कि तय अवधि में अधिक से अधिक आवेदनों का निस्तारण कर दिव्यांगजनों को योजनाओं से जोड़ा जाए।


