बीकानेर जिला उद्योग संघ की ओर से निवर्तमान जिला कलेक्टर नम्रता वृष्णि और जिला परिषद के पूर्व मुख्य कार्यकारी अधिकारी सोहनलाल को उनके स्थानांतरण के बाद सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। इस अवसर पर संघ सभागार में एक गरिमामय और भावनात्मक समारोह आयोजित किया गया, जिसमें शहर के उद्योगपति, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में शामिल हुए।
अपने संबोधन में नम्रता वृष्णि ने बीकानेर में बिताए करीब 26 महीनों के कार्यकाल को यादगार बताते हुए यहां के लोगों की सरलता, सहयोग और सकारात्मक सोच की सराहना की। उन्होंने कहा कि जनसहयोग के चलते ही प्रशासनिक कार्यों को सफलतापूर्वक आगे बढ़ाया जा सका और सरकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।
पूर्व सीईओ सोहनलाल ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि उन्हें इस कार्यकाल में बहुत कुछ सीखने का अवसर मिला और बीकानेर में काम करना उनके लिए प्रेरणादायक रहा।
जिला उद्योग संघ के अध्यक्ष द्वारका प्रसाद पचीसिया ने नम्रता वृष्णि के कार्यकाल की उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए उद्योग और सामाजिक क्षेत्र में किए गए प्रयासों की सराहना की। उन्होंने शहर के सौंदर्यीकरण, त्योहारों के नवाचार और विभिन्न योजनाओं के सफल क्रियान्वयन को उनकी विशेष उपलब्धि बताया।
- Advertisement -
समारोह में विभिन्न संगठनों द्वारा अतिथियों का माल्यार्पण, शॉल ओढ़ाकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। कार्यक्रम के अंत में संघ के सचिव वीरेंद्र किराडू ने सभी का आभार व्यक्त किया और प्रशासन व उद्योग जगत के बीच बेहतर समन्वय को विकास के लिए आवश्यक बताया।


