बीकानेर के श्रीकोलायत थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर करीब 2 बजे एक 8 वर्षीय बच्चे के अपहरण की कोशिश हुई, जिसे समय रहते मां के हस्तक्षेप से रोका गया। पीड़ित शिव माली के अनुसार उनका बेटा दक्ष माली घर के आंगन में खेल रहा था, तभी मोटरसाइकिल पर सवार एक अज्ञात युवक ने उसे बाहर बुलाया। जैसे ही बच्चा पास पहुंचा, आरोपी ने उसका मुंह बंद कर पकड़ लिया।
दक्ष ने अपनी मां को आवाज लगाई, जो पूजा से बाहर दौड़ी। मां को देखते ही आरोपी ने बच्चे पर मुक्का मारा और उसे जमीन पर गिराकर फरार हो गया। आरोपी ने सफेद कमीज पहन रखा था और मुंह पर कपड़ा बांधा हुआ था।
घटना के बाद रविवार को पुलिस ने परिवाद दर्ज कर बच्चे, परिवार और पड़ोसियों से पूछताछ की। ग्रामीणों में इस घटना को लेकर रोष है। पूर्व सरपंचों ने पुलिस से आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की और चेताया कि पुलिस की उपेक्षा से अपराध बढ़ सकते हैं।
कोलायत सीआई जसवीर कुमार ने सभी सोलर प्लांट, जीएसएस, रेलवे, खेत, खदान और दुकानों में काम करने वाले श्रमिकों का वेरिफिकेशन करवाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बिना वेरिफिकेशन कार्यरत लेबर और ठेकेदारों पर पुलिस कार्रवाई करेगी। फिलहाल घटना का मुकदमा खबर लिखे जाने तक दर्ज नहीं हुआ।


