बीकानेर: राजस्थान सरकार शहरों में 24 घंटे बाजार खोलने की योजना पर तेजी से काम कर रही है। पहले चरण में जयपुर, बीकानेर, अजमेर सहित 123 बड़े शहरों में यह व्यवस्था लागू की जाएगी, जबकि दूसरे चरण में छोटे शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों को शामिल किया जाएगा।
इस फैसले से व्यापार को सुगमता मिलेगी और पर्यटन के साथ नाइट लाइफ को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही, रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। सरकार आजीवन रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था लागू करते हुए लाइसेंस प्रणाली समाप्त करने जा रही है, जिससे भ्रष्टाचार पर रोक लगने की उम्मीद है।
नए नियमों के तहत कर्मचारियों से अधिकतम 10 घंटे प्रतिदिन और सप्ताह में 48 घंटे तक ही काम लिया जा सकेगा। कर्मचारियों को साप्ताहिक अवकाश देना अनिवार्य होगा। नियमों के उल्लंघन पर पंजीकरण रद्द करने और कानूनी कार्रवाई का प्रावधान भी रखा गया है।
यह घोषणा बजट 2026-27 में की गई थी और इसे राजस्थान दुकान एवं वाणिज्यिक प्रतिष्ठान अधिनियम के तहत लागू किया जाएगा। अधिसूचना तैयार है और राजपत्र में प्रकाशन के साथ ही यह लागू हो जाएगी।
- Advertisement -
24 घंटे बाजार खुलने से सेवा और रिटेल क्षेत्र में रोजगार बढ़ने की संभावना है। बड़े संस्थानों में नाइट शिफ्ट के लिए अतिरिक्त स्टाफ की जरूरत होगी। साथ ही, सरकार रात के समय सुरक्षा और पुलिस व्यवस्था को मजबूत करने की तैयारी भी कर रही है।
इस पहल से राज्य की अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी, लोगों को देर रात तक सुविधाएं मिलेंगी और शहरी जीवनशैली में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।

