बीकानेर: नापासर थाना क्षेत्र के मुंडसर गांव में एक ही परिवार के आठ लोगों के अचानक बीमार होने से हड़कंप मच गया। सोमवार रात भोजन करने के बाद सभी की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें बीकानेर के पीबीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया।
बताया जा रहा है कि परिवार ने रात में दाल सहित अन्य भोजन किया था, जिसके बाद सभी को उल्टी-दस्त की शिकायत शुरू हो गई। हालत गंभीर होने पर मंगलवार सुबह उन्हें अस्पताल लाया गया। बीमार लोगों में चार पुरुष, दो महिलाएं और दो बच्चे शामिल हैं। बच्चों को अलग से बच्चों के अस्पताल में भर्ती किया गया है।
डॉक्टरों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई गई है। सभी मरीजों का इलाज जारी है और खाद्य पदार्थों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। एक मरीज की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि अन्य की स्थिति में सुधार बताया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही जनप्रतिनिधियों ने अस्पताल पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और बेहतर इलाज के निर्देश दिए। वहीं, स्वास्थ्य विभाग पूरे मामले की जांच में जुट गया है।

