नोखा: आदर्श विद्या मंदिर उच्च माध्यमिक विद्यालय के पूर्व छात्र राघवेन्द्र सिंह ने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बनने के लिए संयुक्त रक्षा सेवा (सीडीएस) परीक्षा में अखिल भारतीय स्तर पर 71वीं रैंक हासिल की। यह बीकानेर जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है, क्योंकि राघवेन्द्र जिले के एकमात्र ऐसे अभ्यर्थी हैं जिन्होंने यह प्रतिष्ठित पद प्राप्त किया।
विद्यालय परिवार ने इस सफलता पर राघवेन्द्र के निवास स्थान पहुंचकर उनका माल्यार्पण किया और मिष्ठान खिलाकर उन्हें सम्मानित किया।
प्रधानाचार्य आशीष डागा ने बताया कि राघवेन्द्र ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा से लेकर कक्षा बारहवीं तक का अध्ययन इसी विद्यालय में किया और बाल्यकाल से ही अत्यंत अनुशासित एवं मेधावी छात्र रहे हैं। उनकी यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे विद्यालय के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
जिला सचिव मूलचन्द सारस्वत ने कहा कि विद्या भारती के विद्यालयों में किताबी ज्ञान के साथ-साथ राष्ट्रभक्ति और चारित्रिक विकास पर विशेष जोर दिया जाता है, और राघवेन्द्र का चयन इसका प्रत्यक्ष प्रमाण है। इस अवसर पर सुरेंद्र सिंह मंडलावत, रघुवीर सिंह राठौड़, परिवारजन, विद्यालय के आचार्य गण और नगर के प्रबुद्ध नागरिक भी उपस्थित रहे।

