बीकानेर जिले के बज्जू क्षेत्र के बीकमपुरा गांव से एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर विवाद खड़ा कर दिया है।
वायरल वीडियो में कुछ पुलिसकर्मी एक बुजुर्ग व्यक्ति को घसीटते हुए पुलिस जीप में बैठाते नजर आ रहे हैं। हालांकि, इस वीडियो की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हो सकी है।
वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है और पुलिस के रवैये पर सवाल उठने लगे हैं। वीडियो बनाने वाली एक महिला ने पुलिस और गांव के सरपंच पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उसका कहना है कि बिना किसी ठोस कारण बुजुर्ग के साथ अभद्र व्यवहार किया गया और जबरन उसे उठाकर ले जाया गया।
बताया जा रहा है कि पुलिस बुजुर्ग के खिलाफ दर्ज मारपीट के मामले की जांच के सिलसिले में वहां पहुंची थी। फिलहाल, पूरे मामले की सच्चाई जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।

