बीकानेर शहर में “डिजिटल अरेस्ट” के नाम पर ठगी का एक और मामला सामने आया है। गंगाशहर क्षेत्र के एक बुजुर्ग को ठगों ने वीडियो कॉल के जरिए डराकर 5.10 लाख रुपए ट्रांसफर करवा लिए।
घटना 14 मार्च की है, जब पीड़ित को एक वीडियो कॉल आया। कॉल करने वालों ने खुद को अधिकारी बताते हुए उनके बैंक खाते से करीब 3 करोड़ रुपए के संदिग्ध लेनदेन का आरोप लगाया। उन्होंने केनरा बैंक के खाते का हवाला देकर बुजुर्ग को डराया और एक सिम कार्ड से आपत्तिजनक संदेश व वीडियो भेजने के आरोप लगाए। साथ ही, एक युवती की आत्महत्या के मामले में फंसाने की धमकी दी।
इसके बाद ठगों ने “डिजिटल अरेस्ट” का झांसा देकर पीड़ित को किसी से संपर्क न करने और लगातार उनके संपर्क में बने रहने को कहा। डर के कारण बुजुर्ग ने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के अपने खाते से एक निजी बैंक खाते में 5.10 लाख रुपए ट्रांसफर कर दिए।
27 मार्च को ठगों ने फिर संपर्क कर 50 लाख रुपए की और मांग की। इस बार पीड़ित को शक हुआ और उन्होंने परिजनों को जानकारी दी। मामला सामने आने पर साइबर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।
- Advertisement -
साइबर थाना प्रभारी रमेश सर्वटा के अनुसार, त्वरित कार्रवाई करते हुए 1.76 लाख रुपए होल्ड करवा दिए गए हैं। पुलिस बाकी रकम की रिकवरी और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।

