बीकानेर। गर्मियों के मद्देनजर अदालतों के समय में बदलाव किया गया है। Rajasthan High Court ने राज्यभर की अदालतों के लिए नया समय निर्धारण जारी किया है, जो 13 अप्रैल 2026 से लागू होकर 28 जून 2026 तक प्रभावी रहेगा।
जारी अधिसूचना के अनुसार, उच्च न्यायालय में न्यायालय का समय सुबह 8 बजे से दोपहर 1 बजे तक रहेगा। इस दौरान सुबह 10:30 बजे से 11 बजे तक मध्यांतर रखा गया है। वहीं कार्यालय समय सुबह 7:30 बजे से दोपहर 1 बजे तक निर्धारित किया गया है, जिसमें 10:30 से 10:45 बजे तक विश्राम रहेगा।
इसी प्रकार अधीनस्थ न्यायालयों के समय में भी बदलाव किया गया है। इन अदालतों में कार्यवाही सुबह 8 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक चलेगी। इनके लिए सुबह 10 बजे से 10:15 बजे तक मध्यांतर तय किया गया है। अधीनस्थ न्यायालयों के कार्यालय सुबह 7:30 बजे से दोपहर 1 बजे तक संचालित होंगे, जिनमें 10 बजे से 10:15 बजे तक अवकाश रहेगा।
आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि पीठासीन अधिकारी सुबह 7:30 बजे से 8 बजे तक और दोपहर 12:30 बजे से 1 बजे तक अपने चैंबर में कार्य करेंगे।
- Advertisement -
गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए यह बदलाव किया गया है, ताकि न्यायिक कार्य सुचारू रूप से जारी रह सके और कर्मचारियों व आमजन को राहत मिल सके।

