बीकानेर। जिले में मंगलवार शाम एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। Bikaner-रतनगढ़ हाइवे पर गांव कितासर के आगे एक कार और पिकअप वाहन की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई, जिसके बाद कार में आग लग गई।
हादसा शाम करीब 4 बजे हुआ। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के खेतों में काम कर रहे किसानों और गुजर रहे वाहन चालकों ने तुरंत मदद करते हुए घायलों को वाहनों से बाहर निकाला। समय रहते लोगों की सक्रियता से बड़ी जनहानि टल गई।
इस दुर्घटना में दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि करीब आधा दर्जन लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में मेहराज पुत्र गुलाब कादिर, उसकी पत्नी 35 वर्षीय शबनम, 8 वर्षीय मदिया और 6 वर्षीय मलाल (दोनों पुत्रियां), 30 वर्षीय दीपक पुत्र रामधर यादव निवासी वाराणसी, उसकी पत्नी रितु यादव तथा एक वाहन चालक ज्ञानसिंह पुत्र रामस्वरूप निवासी करौली शामिल हैं।
सभी घायलों को तुरंत उपजिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों और मेडिकल स्टाफ द्वारा उनका इलाज किया जा रहा है। गंभीर घायलों की हालत पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
- Advertisement -
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसा तेज रफ्तार और आमने-सामने की टक्कर के कारण हुआ। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

