बीकानेर जिले के लूणकरणसर क्षेत्र में सोमवार को खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा द्वारा मैराथन जनसुनवाई का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगा, जिसमें आमजन अपनी समस्याएं सीधे मंत्री के सामने रख सकेंगे।
जनसुनवाई का आयोजन भाजपा कार्यालय, गोदारा ऑयल मिल्स परिसर में किया जाएगा। इस दौरान मंत्री संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश देकर समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रयास करेंगे।
जनसुनवाई के बाद मंत्री गोदारा विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण भी करेंगे। शाम 7 बजे गणगौर मैदान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य द्वार निर्माण, मैदान की चारदीवारी ऊंची करने, कांटेदार फिनिशिंग, मरम्मत और रंग-रोगन जैसे कार्यों का उद्घाटन किया जाएगा, जिन पर करीब 15 लाख रुपये खर्च किए गए हैं।
इसके अलावा पशु फाटक की चारदीवारी निर्माण कार्य का भी लोकार्पण किया जाएगा, जिस पर लगभग 7.49 लाख रुपये की लागत आई है।
- Advertisement -
प्रशासन के अनुसार, इन कार्यों से क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी और आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। कार्यक्रम को लेकर स्थानीय स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

