बीकानेर। शहर में अब वाहन चलाते समय जरा सी लापरवाही भी भारी पड़ सकती है। ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने पर अब चालान सीधे आपके मोबाइल या घर तक पहुंचेगा, क्योंकि शहर में इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) लागू कर दिया गया है।
जयपुर हाईवे पर बीकानेर से श्रीडूंगरगढ़ तक करीब 100 किलोमीटर के क्षेत्र में 12 अलग-अलग लोकेशन पर आईटीएमएस सिस्टम स्थापित किया गया है। इसके तहत कुल 22 आधुनिक कैमरे लगाए गए हैं, जो 24 घंटे वाहनों की निगरानी करेंगे।
इस हाईवे पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं और सीमित पुलिस निगरानी को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। फोरलेन नहीं होने के कारण इस मार्ग पर हादसों की आशंका अधिक रहती है, ऐसे में यह सिस्टम सुरक्षा बढ़ाने में मददगार साबित होगा।
इनमें से 5 स्थानों पर हाईवे के दोनों ओर लगाए गए 10 हाईटेक कैमरे ओवरस्पीड, सीट बेल्ट न लगाने और मोटर व्हीकल एक्ट के अन्य उल्लंघनों को रिकॉर्ड करेंगे। नियम तोड़ते ही संबंधित वाहन का ऑनलाइन चालान स्वतः कट जाएगा।
- Advertisement -
इसके अलावा 7 स्थानों पर 360 डिग्री घूमने वाले कैमरे लगाए गए हैं, जो संदिग्ध गतिविधियों और नियम उल्लंघन की पूरी जानकारी ट्रैफिक पुलिस तक पहुंचाएंगे, जिसके आधार पर मैन्युअल चालान भी जारी किया जाएगा।
सोमवार से इस सिस्टम ने काम करना शुरू कर दिया है और अब तक 400 से अधिक वाहनों के चालान किए जा चुके हैं। इस पूरे सिस्टम की निगरानी इफकोन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड द्वारा की जा रही है।
प्रशासन का मानना है कि इस नई व्यवस्था से सड़क सुरक्षा में सुधार होगा और दुर्घटनाओं में कमी आएगी।

