बीकानेर। राजस्थान के बीकानेर शहर में जल्द ही इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू होने जा रही है, जिसके लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं। नगर निगम और संबंधित कंपनी इस प्रोजेक्ट को अंतिम रूप देने में जुटी हुई हैं।
महाराजा गंगासिंह विश्वविद्यालय के सामने ई-बस डिपो का निर्माण कार्य जारी है। साथ ही शहर के विभिन्न रूटों पर बसों के संचालन के लिए मार्ग तय करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। हाल ही में बस संचालन करने वाली कंपनी के प्रतिनिधियों ने निर्माण स्थल का निरीक्षण किया और निगम आयुक्त मयंक मनीष के साथ बैठक कर परियोजना की प्रगति पर चर्चा की।
इस योजना के तहत बीकानेर में कुल 125 ई-बसों का संचालन किया जाएगा। पहले चरण में 75 बसें चलाई जाएंगी और संभावना है कि जून तक यह सेवा शुरू हो जाएगी।
इन ई-बसों में यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विशेष सुविधाएं दी गई हैं। बस का दरवाजा पूरी तरह बंद होने के बाद ही बस चलेगी। तापमान बढ़ने पर अलार्म सिस्टम सक्रिय हो जाएगा और सभी बसें जीपीएस से जुड़ी रहेंगी।
- Advertisement -
बस संचालन करने वाली कंपनी के अनुसार, बीकानेर में नीले रंग की 9 मीटर लंबी ई-बसें चलाई जाएंगी। प्रत्येक बस में 25 यात्रियों के बैठने और 15 यात्रियों के खड़े रहने की क्षमता होगी। सभी बसों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे और ये पूरी तरह वातानुकूलित होंगी।
महिलाओं की सुविधा के लिए बसों में चार सीटें आरक्षित रहेंगी, जिन्हें गुलाबी रंग से चिन्हित किया जाएगा। इसके अलावा, बसों में डिजिटल स्क्रीन के जरिए रूट और स्टॉपेज की जानकारी भी प्रदर्शित की जाएगी।
यह ई-बस सेवा शहर के सार्वजनिक परिवहन को आधुनिक और पर्यावरण के अनुकूल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

