बीकानेर जिले के देशनोक स्थित विश्व प्रसिद्ध करणी माता मंदिर में नवरात्रि को लेकर विशेष तैयारियां की गई हैं। भारतीय नवसंवत्सर 2083 की शुरुआत 19 मार्च से हो चुकी है, लेकिन यहां नवरात्रि की विधिवत स्थापना 20 मार्च, शुक्रवार को की जाएगी।
मंदिर प्रबंधन से जुड़े बादल सिंह के अनुसार, नवरात्रि घट स्थापना का शुभ मुहूर्त सुबह लगभग साढ़े सात बजे से दस बजे के बीच रहेगा। इस दौरान विधिवत पूजा-अर्चना के साथ माता रानी की स्थापना की जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
नवरात्रि के पावन अवसर को देखते हुए मंदिर प्रशासन ने भक्तों के लिए विशेष व्यवस्थाएं की हैं। हर वर्ष की तरह इस बार भी श्रद्धालुओं के लिए 24 घंटे दर्शन की सुविधा उपलब्ध रहेगी, ताकि दूर-दराज से आने वाले भक्त बिना किसी असुविधा के दर्शन कर सकें।
मंदिर परिसर में भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा और साफ-सफाई को लेकर भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन का प्रयास है कि श्रद्धालुओं को सुगम और व्यवस्थित दर्शन मिल सकें तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
- Advertisement -
नवरात्रि के दौरान देशभर से भक्त यहां पहुंचते हैं, ऐसे में इस बार भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद जताई जा रही है। धार्मिक आस्था और भक्ति के इस पर्व को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल बना हुआ है।

