बीकानेर में आयोजित भव्य धर्मयात्रा के दौरान आस्था और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। शहर के केईएम रोड स्थित प्रेमजी प्वाइंट पर धर्मयात्रा का जोरदार स्वागत किया गया, जहां पूर्व यूआईटी चेयरमैन महावीर रांका ने पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का अभिनंदन किया।
इस मौके पर रांका ने कहा कि सनातन धर्म केवल एक आस्था नहीं, बल्कि भारत की आत्मा है, जो देश की संस्कृति और परंपराओं को जीवित रखे हुए है। उन्होंने कहा कि इस तरह की धर्मयात्राएं समाज में धार्मिक जागरूकता और एकता को मजबूत करती हैं।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। जानकारी के अनुसार डॉ. विश्वनाथ मेघवाल, भाजपा देहात जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया, भाजपा नेता रविशेखर मेघवाल और चम्पालाल गेदर सहित कई लोगों ने संत-महात्माओं, सजीव झांकियों और श्रद्धालुओं का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।
धर्मयात्रा में उमड़ी भीड़ ने इसे एक ऐतिहासिक आयोजन का रूप दे दिया। ‘जय श्रीराम’ के उद्घोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूब गया। विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं।
- Advertisement -
इस अवसर पर शहर के कई गणमान्य लोग और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। आयोजन ने एक बार फिर यह साबित किया कि बीकानेर में धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति लोगों की गहरी आस्था बनी हुई है।

