बीकानेर में दो परिवारों ने सामाजिक जिम्मेदारी और सादगी का अनोखा उदाहरण पेश किया है। शिवबाड़ी क्षेत्र निवासी मुकेश धोलपुरिया का विवाह अनीता कानखेड़िया के साथ 14 मार्च 2026 को पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार सम्पन्न हुआ।
इस विवाह समारोह में परिवार और समाज के लोग शामिल हुए, जहां सभी रस्में विधि-विधान के साथ पूरी की गईं। खास बात यह रही कि दोनों परिवारों ने दहेज प्रथा का पूरी तरह बहिष्कार करते हुए केवल एक रुपया और नारियल को प्रतीक के रूप में स्वीकार कर विवाह सम्पन्न किया।
इस पहल को समाज में सकारात्मक बदलाव की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। लोगों का कहना है कि रेगर समाज में इस तरह की सादगीपूर्ण शादी का यह पहला उदाहरण हो सकता है, जिसने सामाजिक सोच को नई दिशा दी है।
समारोह में कई गणमान्य लोग भी मौजूद रहे, जिन्होंने नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद देते हुए इस पहल की सराहना की। उपस्थित लोगों ने इसे समाज के लिए प्रेरणादायक कदम बताते हुए भविष्य में ऐसे और प्रयासों की उम्मीद जताई।

