जिले के विद्यार्थियों के लिए एक सराहनीय पहल करते हुए पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग ने सभी संरक्षित स्मारकों और संग्रहालयों में नि:शुल्क प्रवेश की व्यवस्था लागू की है। यह निर्णय विभाग के निदेशक, जयपुर के निर्देशों के अनुरूप लिया गया है।
जारी आदेश के अनुसार 7 वर्ष तक के बच्चों का प्रवेश पहले से ही मुफ्त है। अब इसके साथ ही स्कूल और कॉलेज के छात्र-छात्राओं को भी विशेष सुविधा दी गई है। यदि शिक्षण संस्थान की ओर से लेटर पैड पर हस्ताक्षरित पत्र प्रस्तुत किया जाता है, तो विद्यार्थियों को पूरे सप्ताह सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक नि:शुल्क भ्रमण कराया जाएगा।
इसके अलावा विद्यार्थियों को ऐतिहासिक धरोहरों से जोड़ने के उद्देश्य से 18 मार्च (बुधवार) को विशेष रूप से सभी स्मारकों और संग्रहालयों में पूर्णत: नि:शुल्क प्रवेश रखा गया है।
जिला प्रशासन ने सभी स्कूलों और कॉलेजों को निर्देशित किया है कि वे इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाएं और विद्यार्थियों को ऐतिहासिक स्थलों के भ्रमण के लिए प्रेरित करें। इस पहल का मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना और इतिहास के प्रति जागरूक करना है।
- Advertisement -
अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (नगर) रमेश देव ने बताया कि इस प्रकार के प्रयास विद्यार्थियों में इतिहास और संस्कृति के प्रति रुचि बढ़ाने में सहायक होंगे।

