बीकानेर जिले के देशनोक क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर एक ढाणी में अचानक भीषण आग लगने से भारी नुकसान हो गया। आग की चपेट में आने से नगदी, जेवरात, अनाज, पशुधन और घरेलू सामान जलकर राख हो गया। घटना के बाद पीड़ित परिवार को आर्थिक रूप से बड़ा झटका लगा है।
जानकारी के अनुसार देशनोक क्षेत्र में नेहड़ी जी मंदिर के पीछे पश्चिमी रोही इलाके में स्थित एक ढाणी में दोपहर करीब 2:30 बजे अचानक आग भड़क उठी। यह ढाणी काश्तकार प्रभुराम नायक की बताई जा रही है, जो इशाक खान के खेत में खेती का कार्य करते हैं।
आग लगने के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तुरंत खेत की ट्यूबवेल से पानी लाकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक ढाणी में रखा अधिकांश सामान जल चुका था।
घटना की सूचना मिलने पर देशनोक थाना पुलिस के हेड कांस्टेबल पूरणमल स्वामी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग में करीब 10 हजार रुपये नगद, तीन तोला सोना, दस तोला चांदी के जेवर, लगभग सात क्विंटल गेहूं और अन्य घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया।
- Advertisement -
इसके अलावा आग की चपेट में आने से दो बकरियां और एक बछड़ी भी जलकर मर गई, जबकि एक दुधारू गाय गंभीर रूप से झुलस गई। इस घटना से पीड़ित परिवार को लाखों रुपये का नुकसान होने का अनुमान लगाया जा रहा है।
पीड़ित काश्तकार के अनुसार आग के बाद परिवार के सामने रोजमर्रा के खर्च और गुजर-बसर की बड़ी समस्या खड़ी हो गई है, क्योंकि ढाणी में रखा अधिकांश सामान जलकर खत्म हो गया है।
पुलिस ने घटना को लेकर मामला दर्ज कर लिया है और आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रशासन की ओर से भी नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

