बीकानेर जिले के देशनोक कस्बे में स्थित एक मूंगफली गोदाम में लगी आग पांच दिन बाद भी पूरी तरह बुझाई नहीं जा सकी है। भारी मात्रा में भंडारित मूंगफली के कारण आग पर काबू पाने में लगातार मुश्किलें आ रही हैं। दमकल विभाग की टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं, लेकिन गोदाम के भीतर मौजूद स्टॉक के चलते आग बार-बार सुलग रही है।
जानकारी के अनुसार देशनोक के भूरा कॉम्प्लेक्स में केंद्रीय भंडारण निगम के गोदाम में रविवार रात करीब 11 बजे आग लग गई थी। आग लगने के बाद से ही प्रशासन और दमकल विभाग की टीम मौके पर जुटी हुई है। कई दिनों की मशक्कत के बाद अब तक गोदाम में रखे लगभग आधे माल को ही बाहर निकाला जा सका है।
आग लगने के कारण गोदाम से लगातार उठ रहे घने धुएं ने पूरे देशनोक कस्बे के लोगों को परेशान कर दिया है। आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सांस लेने में दिक्कत हो रही है। विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों और अस्थमा या एलर्जी से पीड़ित लोगों के लिए स्थिति अधिक परेशानी भरी बनी हुई है।
दमकलकर्मी लगातार आग बुझाने में जुटे हुए हैं। गुरुवार तक गोदाम को करीब आधा खाली किया जा चुका था। अंदर से जली हुई मूंगफली की बोरियों को ट्रैक्टर-ट्रॉली और लोडर की मदद से बाहर निकाला जा रहा है, ताकि अंदर सुलग रही आग को पूरी तरह खत्म किया जा सके। फिलहाल मौके पर पांच फायर ब्रिगेड की गाड़ियां लगातार पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास कर रही हैं।
- Advertisement -
स्थिति का जायजा लेने के लिए प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। उपखंड अधिकारी महिमा कसाना, नायब तहसीलदार उत्तमचंद भाटी और नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी रविन्द्र सिंह ने मौके का निरीक्षण किया। उपखंड अधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि आग बुझाने के कार्य में संसाधनों की कोई कमी नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने नगर निगम बीकानेर और नगर पालिका देशनोक से अतिरिक्त संसाधन तुरंत उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए, ताकि आग पर जल्द से जल्द काबू पाया जा सके। प्रशासन और दमकल विभाग की टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं, लेकिन गोदाम में बड़ी मात्रा में भंडारित मूंगफली के कारण आग को पूरी तरह बुझाने में समय लग रहा है।

