जयपुर। मुख्यमंत्री Bhajan Lal Sharma ने शुक्रवार को प्रदेशभर के पत्रकारों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया। मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित इस कार्यक्रम में राजस्थान के विभिन्न जिलों से आए पत्रकारों ने भाग लिया। इस दौरान बीकानेर से पहुंचे पत्रकारों ने भी अपनी समस्याएं और सुझाव मुख्यमंत्री के समक्ष रखे।
संवाद कार्यक्रम में बीकानेर प्रेस क्लब के अध्यक्ष कुशाल सिंह मेड़तिया के नेतृत्व में पत्रकारों के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इस अवसर पर पत्रकारों की ओर से उन्हें गुलदस्ता और स्मृति चिन्ह भेंट कर आभार व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और पत्रकार समाज तथा सरकार के बीच संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम होते हैं। उन्होंने कहा कि पत्रकार जनहित के मुद्दों को सामने लाकर समाज को जागरूक करने का काम करते हैं और जब मीडिया निष्पक्षता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाता है तो लोकतंत्र और अधिक मजबूत होता है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार पत्रकारों के कल्याण और उनके सम्मान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष के बजट में पत्रकारों के हित में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए हैं, जिनका उद्देश्य पत्रकारों की सामाजिक सुरक्षा और सुविधाओं को बेहतर बनाना है।
- Advertisement -
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेश में चल रहे विकास कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विकसित राजस्थान 2047 के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए योजनाबद्ध तरीके से विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है। ग्राम पंचायतों से लेकर नगर निकायों तक समग्र विकास के लिए रोडमैप तैयार किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में पानी और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए कई परियोजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है। रामजल सेतु लिंक परियोजना, देवास परियोजना, यमुना जल समझौता, आईजीएनपी, गंगनहर और माही जैसी योजनाओं को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है। इसके साथ ही राज्य में बिजली तंत्र को सुदृढ़ करने के प्रयास भी जारी हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान में राजस्थान के 22 जिलों में दिन के समय बिजली उपलब्ध कराई जा रही है और वर्ष 2027 तक सभी जिलों में दिन में बिजली उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।
रोजगार के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार के अधिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए काम कर रही है। सरकार का लक्ष्य सरकारी क्षेत्र में 4 लाख और निजी क्षेत्र में 6 लाख रोजगार उपलब्ध कराने का है। अब तक 1 लाख 25 हजार से अधिक नियुक्तियां दी जा चुकी हैं, जबकि 1 लाख 33 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। इसके अलावा एक लाख से अधिक पदों के लिए भर्ती कैलेंडर भी जारी किया जा चुका है।
संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न जिलों से आए पत्रकारों से व्यक्तिगत रूप से बातचीत की और उनके सुझावों को ध्यान से सुना। उन्होंने पत्रकारों की समस्याओं के समाधान का भरोसा भी दिलाया।
कार्यक्रम में बीकानेर प्रेस क्लब के पदाधिकारियों सहित कई वरिष्ठ पत्रकार उपस्थित रहे। इनमें प्रेस क्लब महासचिव विशाल स्वामी, कोषाध्यक्ष गिरिराज भादाणी, जार के प्रदेश अध्यक्ष श्याम मारू, प्रदेश सचिव भवानी जोशी, बृजमोहन रामावत, पूर्व प्रेस क्लब अध्यक्ष जयनारायण बिस्सा, मुकेश पूनियां, बलदेव रंगा, गिरीश श्रीमाली, राजेश ओझा, सुमित व्यास और राजा जोशी सहित अन्य पत्रकार शामिल रहे।
पत्रकारों ने इस वर्ष के बजट में वरिष्ठ अधिस्वीकृत पत्रकार सम्मान योजना के तहत मासिक सम्मान राशि 15 हजार रुपये से बढ़ाकर 18 हजार रुपये करने और जयपुर में आवासीय योजना लाने की घोषणा के लिए मुख्यमंत्री का आभार भी व्यक्त किया।

