नागौर जिले में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार दो सगी बहनों की मौत हो गई। दोनों युवतियां एक निजी बैंक के फाइनेंस विभाग में कार्यरत थीं और काम के सिलसिले में ग्राहक से मिलने जा रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार टैंकर ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी।
यह हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग 58 पर सुरपालिया और खाबड़ियाना के बीच हुआ। पुलिस के अनुसार, मृतक युवतियों की पहचान सुमन (25) और निरमा (24) के रूप में हुई है, जो नागौर जिले के बागरासर गांव की रहने वाली थीं। दोनों बहनें स्कूटी से बैंक के एक ग्राहक से मिलने जा रही थीं।
इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार टैंकर ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए और दोनों बहनें सड़क पर दूर जा गिरीं। हादसे के बाद टैंकर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलने पर स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे और घायल युवतियों को डेह सीएचसी ले जाया गया। हालांकि अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में दोनों ने दम तोड़ दिया।
- Advertisement -
मृतकों के भाई नेमाराम की शिकायत पर सुरपालिया थाने में अज्ञात टैंकर चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।

