जयपुर के जगतपुरा इलाके में किराए के एक लग्जरी विला से संचालित हो रहे अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। रामनगरिया थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया और मौके से कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए।
पुलिस के अनुसार श्रीकिशनपुरा स्थित पिंकसिटी एनक्लेव के एक विला में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने विला नंबर 103 बी-1 पर छापा मारा। वहां सात युवक लैपटॉप और मोबाइल फोन के जरिए ऑनलाइन काम करते मिले। जांच में सामने आया कि ये लोग विदेशी नागरिकों को निशाना बनाकर साइबर ठगी कर रहे थे।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से आठ लैपटॉप, दस मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए। गिरफ्तार आरोपियों में मेलविन एग्नेल परेरा (महाराष्ट्र), फैसल पुटावाला और फैसल शेख (अहमदाबाद), तथा नागालैंड के पेटिनिलु सेब, प्रेम छेत्री, हिमाका यपतो और विकाय सुमी शामिल हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक के माध्यम से विदेशी नागरिकों का डेटा और संपर्क नंबर जुटाते थे। इसके बाद गूगल वॉइस और वर्चुअल नंबरों की मदद से खुद को तकनीकी विशेषज्ञ बताकर लोगों को झांसे में लेते थे और उनसे ठगी करते थे।
- Advertisement -
इस मामले की विस्तृत जांच अब प्रतापनगर थाना पुलिस को सौंपी गई है। पुलिस आरोपियों के पूरे नेटवर्क और अब तक की गई ठगी की कुल रकम का पता लगाने में जुटी हुई है।

