बीकानेर में सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज से संबद्ध पीबीएम अस्पताल परिसर में बनी नई मेडिसिन विंग के संचालन की तैयारियां तेज हो गई हैं। इस विंग को अलग अस्पताल के रूप में शुरू करने से पहले यहां एक नए अधीक्षक की नियुक्ति की जाएगी। इसके लिए मेडिसिन विभाग के किसी वरिष्ठ प्रोफेसर को जिम्मेदारी दी जा सकती है, जिस पर जल्द ही चिकित्सा मंत्री की मंजूरी मिलने की संभावना है।
नई मेडिसिन विंग का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और विधानसभा व लोकसभा सत्र समाप्त होने के बाद इसे कभी भी शुरू किया जा सकता है। जनरल मेडिसिन के लिए यह प्रदेश का सबसे बड़ा 527 बेड वाला सरकारी अस्पताल होगा।
इस अस्पताल के संचालन के लिए राज्य सरकार के साथ हुए एमओयू के तहत जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में एक कमेटी गठित की गई है। कमेटी में नई मेडिसिन विंग के अधीक्षक सदस्य सचिव होंगे, जबकि मेडिसिन विभाग के एचओडी, मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल और अकाउंटेंट सरकारी सदस्य के रूप में शामिल रहेंगे। इसके अलावा ट्रस्ट के पांच प्रतिनिधियों को गैर सरकारी सदस्य के तौर पर कमेटी में जगह दी जाएगी।
अस्पताल के संचालन का खर्च कॉटेज वार्ड, फार्मेसी, कैंटीन और पार्किंग ठेकों से मिलने वाली आय से पूरा किया जाएगा। साथ ही राज्य सरकार की निशुल्क दवा योजना का फंड भी कमेटी के खाते में आएगा।
- Advertisement -
गौरतलब है कि इस नई मेडिसिन विंग का निर्माण सीएम मूंधड़ा मेमोरियल चेरिटेबल ट्रस्ट, मुंबई द्वारा कराया गया है। करीब पांच वर्षों में इस परियोजना पर लगभग 120 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। हाल ही में जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में कमेटी की पहली बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें अस्पताल को जल्द शुरू करने को लेकर चर्चा की गई।

