बीकानेर में रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। हादसा कोड़मदेसर रोड पर गजनेर थाना क्षेत्र के एक पेट्रोल पंप के पास हुआ। बताया जा रहा है कि गलत दिशा से आ रही एक थार गाड़ी ने बाइक सवार युवकों को टक्कर मार दी और उन्हें कई फीट तक घसीटते हुए ले गई।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद साथियों और राहगीरों की मदद से दोनों घायलों को तुरंत PBM Hospital पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और थार गाड़ी को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार छह दोस्त तीन अलग-अलग बाइकों पर भैरूजी के दर्शन करने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान थार चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए बाइक को टक्कर मार दी, जिससे यह हादसा हो गया।
घटना से आक्रोशित परिजनों ने पीबीएम अस्पताल की मोर्चरी के बाहर धरना शुरू कर दिया और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। खबर लिखे जाने तक परिजनों का धरना जारी था। 🚨🚑

