बीकानेर सहित पूरे राजस्थान में गर्मी ने अब अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। सुबह से ही तापमान बढ़ने लगता है और देर रात तक गर्मी महसूस की जा रही है। हालात ऐसे हो गए हैं कि लोगों को मार्च महीने में ही कूलर और एसी का सहारा लेना पड़ रहा है। लगातार बढ़ती गर्मी के कारण तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है।
मौसम विभाग के अनुसार इस सीजन में पहली बार अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया है। रविवार को बाड़मेर और बालोतरा क्षेत्र हीटवेव की चपेट में रहे। भारत मौसम विज्ञान विभाग के जयपुर स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक अगले सप्ताह तक गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है।
सोमवार और मंगलवार के लिए जैसलमेर, बाड़मेर और बालोतरा जिलों में हीटवेव को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही अगले एक सप्ताह में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी होने का अनुमान जताया गया है।
बीकानेर में भी गर्मी का असर साफ दिखाई दे रहा है। दिन के समय लोग धूप से बचने के लिए छांव की तलाश करते नजर आ रहे हैं। वहीं सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों और जानवरों के लिए भी पेड़ों की छाया ही राहत का सहारा बन रही है।

