Nagaur जिले के Baswani गांव में एक दर्दनाक हादसे में पानी के टांके में डूबने से तीन मासूम बच्चों की मौत हो गई, जबकि उनकी मां की हालत गंभीर बनी हुई है। यह घटना शुक्रवार रात की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार बच्चों के दादा-दादी खेत में काम करने गए हुए थे। जब वे वापस घर लौटे तो घर के बाहर बने पानी के टांके का ढक्कन खुला हुआ मिला। शक होने पर उन्होंने अंदर झांककर देखा तो मां और तीनों बच्चे पानी में पड़े दिखाई दिए। यह दृश्य देखकर वे घबरा गए और जोर-जोर से चिल्लाने लगे।
आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और सभी ने मिलकर चारों को टांके से बाहर निकाला। इसके बाद परिजन उन्हें तुरंत JLN Hospital Nagaur लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने तीनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया।
हादसे में जुड़वा बहनें गुंजन (5) और अनुष्का (5) तथा उनका छोटा भाई रुद्र (2) की मौत हो गई। वहीं उनकी मां मंजू देवी (25) का अस्पताल में इलाज चल रहा है और उनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
- Advertisement -
घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है। बच्चों की दादी साबुड़ी देवी सदमे में बेहोश होकर गिर पड़ीं और उनकी तबीयत भी खराब हो गई। दादा प्रहलाद राम भी इस दुखद घटना से गहरे सदमे में हैं।

