कोर्ट कक्ष में वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर किया वायरल
बीकानेर में कोर्ट कक्ष के अंदर रील बनाकर उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने के मामले में पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए लोगों में एक न्यायालय कर्मचारी भी शामिल है। तीनों के खिलाफ सदर थाने में मामला दर्ज किया गया था।
इस संबंध में सेशन कोर्ट में तैनात होमगार्ड मनीष पारीक ने सदर थाना पुलिस को रिपोर्ट दी थी, जिसके आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
जज की कुर्सी पर बैठकर बनाई रील
पुलिस के अनुसार आरोपी मनीष डूडी और भूपेंद्र सिंह बिना अनुमति के कोर्ट परिसर में प्रवेश कर गए। इसके बाद दोनों ग्राम न्यायालय बीकानेर के न्यायालय कक्ष में पहुंच गए। वहां एक युवक न्यायाधीश की कुर्सी पर बैठ गया, जबकि दूसरा उसके सामने अभिनय करता रहा।
इस दौरान दोनों ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और इस घटना में सहयोग के आरोप में कोर्ट कर्मचारी पुष्पेंद्र सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया।
- Advertisement -
न्यायालय की गरिमा को ठेस पहुंचाने का आरोप
रिपोर्ट में बताया गया है कि आरोपियों ने बिना किसी सक्षम अधिकारी की अनुमति के न्यायालय कक्ष में प्रवेश किया और वहां वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया। इस तरह की हरकत से न्यायालय की गरिमा को ठेस पहुंचाने और न्यायपालिका की छवि को प्रभावित करने का प्रयास किया गया है।
पूछताछ में दिया अजीब बयान
मामले की जांच कर रहे एएसआई तनेराव सिंह के अनुसार पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने पुलिस को बताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें भांग पिला दी थी। उनका कहना है कि इसी कारण वे नशे की हालत में गलती से जज की कुर्सी पर जाकर बैठ गए।
हालांकि पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपियों से लगातार पूछताछ की जा रही है।

