ठेला लगाने की जगह को लेकर बढ़ा विवाद
बीकानेर जिले के लूणकरणसर कस्बे में गोलगप्पे का ठेला लगाने की जगह को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। शुरुआत में हुई कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई और दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। इस दौरान कुछ युवकों ने एक युवक को घेरकर उस पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
यह घटना शनिवार को कालू रोड पर कोर्ट के सामने हुई, जहां अचानक हुए इस झगड़े से इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
युवक को घेरकर की गई मारपीट
लूणकरणसर थाना अधिकारी गणेश कुमार विश्नोई के अनुसार गोलगप्पे का ठेला लगाने को लेकर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हुआ था। बहस बढ़ने के बाद कुछ युवकों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस दौरान एक युवक को घेरकर उसके साथ मारपीट की गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। पुलिस ने मौके से छह युवकों को हिरासत में लिया है।
- Advertisement -
पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस का कहना है कि हिरासत में लिए गए युवकों से पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में मामला आपसी विवाद का बताया जा रहा है। पुलिस द्वारा मामले की जांच जारी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

