जयपुर। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर राजस्थान सरकार ने महिलाओं और बालिकाओं को विशेष सौगात दी है। 8 मार्च को राज्य की सीमा के भीतर राजस्थान रोडवेज की साधारण बसों में महिलाओं और बालिकाओं को निःशुल्क यात्रा की सुविधा प्रदान की जाएगी।
परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार इस सुविधा का लाभ लाखों महिलाएं उठा सकेंगी। अनुमान है कि करीब 8.50 लाख महिलाएं इस योजना से लाभान्वित होंगी।
राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम की कार्यकारी निदेशक (यातायात) डॉ. ज्योति चौहान ने बताया कि यह सुविधा निगम की सभी श्रेणी की साधारण बसों में लागू होगी। हालांकि वातानुकूलित, वोल्वो और अखिल भारतीय अनुज्ञा पत्रों पर संचालित बसों में यह सुविधा लागू नहीं रहेगी।
राज्य सरकार का यह निर्णय महिला सम्मान और समाज में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को मान्यता देने की दिशा में उठाया गया कदम माना जा रहा है। हर वर्ष 8 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के रूप में मनाया जाता है, जिसके माध्यम से समाज और राष्ट्र निर्माण में महिलाओं के योगदान को याद किया जाता है।

