बीकानेर। भारतीय नववर्ष के अवसर पर बीकानेर में निकलने वाली भव्य धर्मयात्रा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इस संबंध में नववर्ष समारोह समिति के तत्वावधान में शुक्रवार को एक प्रेस वार्ता आयोजित की गई, जिसमें कार्यक्रम की रूपरेखा की जानकारी दी गई।
समिति के अध्यक्ष गणेश बोथरा ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी शहर में बड़े स्तर पर धर्मयात्रा का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए 7 मार्च को जसोदा भवन में समिति के कार्यालय का शुभारंभ किया जाएगा, जहां शहर के गणमान्य नागरिक और समाज के प्रबुद्धजन उपस्थित रहेंगे।
समिति से जुड़े भंवर पुरोहित ने बताया कि धर्मयात्रा में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए शहर के विभिन्न मोहल्लों, गलियों और चौकों में जाकर लोगों से संपर्क किया जा रहा है और उन्हें भारतीय नववर्ष उत्साहपूर्वक मनाने का आमंत्रण दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि 4 से 10 मार्च तक कई सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें होली स्नेह मिलन, नुक्कड़ बैठकें, घरों में सजावट और दीप प्रज्ज्वलन जैसे आयोजन शामिल होंगे।
- Advertisement -
धर्मयात्रा 19 मार्च को एमएम ग्राउंड से प्रारंभ होकर शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए जूनागढ़ पहुंचेगी, जहां संत-महात्माओं की उपस्थिति में महाआरती का आयोजन किया जाएगा।
गौरतलब है कि पूर्व में यह आयोजन हिंदू जागरण मंच के बैनर तले किया जाता था, लेकिन इस बार नवगठित नववर्ष समारोह समिति के नेतृत्व में इसे आयोजित किया जा रहा है। समिति में विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों को शामिल कर अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
समिति पदाधिकारियों ने बताया कि इस आयोजन को समाज के सभी वर्गों और संगठनों को साथ लेकर आयोजित किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग इसमें सहभागिता निभा सकें।

