बीकानेर। जिला कलेक्टर नम्रता वृष्णि की अध्यक्षता में शुक्रवार को ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग की मासिक समीक्षा बैठक जिला परिषद सभागार में आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर ने अधिकारियों को सांसद और विधायक निधि से संबंधित विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण करने के स्पष्ट निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि जो कार्य पूरे हो चुके हैं, उनके पूर्णता प्रमाण पत्र जल्द भेजें और जिन कार्यों की शुरुआत नहीं हुई है, उन्हें तुरंत शुरू करवाकर जियोटैग कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने स्वीकृत, प्रगतिरत और अप्रारंभ कार्यों की पंचायत समिति वार समीक्षा की और पिछले वर्षों के बकाया कार्यों का समायोजन शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को ग्रामीण विकास से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की ढिलाई या कोताही बर्दाश्त न करने और कार्यों की मॉनिटरिंग लगातार करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने विकसित भारत जी राम जी योजना के तहत प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अधूरे कार्यों को शीघ्र पूरा करने के लिए अतिरिक्त लेबर लगाने का निर्देश दिया।
इसके अलावा, स्वच्छ भारत मिशन के तहत ग्रामीण क्षेत्र के स्कूलों में स्वीकृत शौचालयों को भी जल्द पूर्ण करने और संपर्क पोर्टल पर लंबित शिकायतों का निस्तारण तीन से पांच दिन में करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने ग्रामीण और सीमांत क्षेत्रों में कार्यों को विशेष प्राथमिकता देने पर भी जोर दिया।
- Advertisement -
बैठक में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सोहनलाल, एसीईओ पंचायती राज प्रियंका तलानिया, एसीईओ ग्रामीण विकास दलीप कुमार, अधिशासी अभियंता रामनिवास शर्मा, अशोक गहलोत सहित अन्य तकनीकी अधिकारी और जिले के सभी विकास अधिकारी एवं स्टाफ उपस्थित रहे।

